सोमवार की रात हुई जोरदार बारिश से जहां जिले की बिजली गुल हुई वहीं नगर पालिका की पोल भी खुल गई। रात से गायब हुई बिजली मंगलवार दोपहर बाद तक चालू नहीं हो सकी। नालियों की गंदगी सड़कों पर नजर आई।
रात में गायब हुई बिजली मंगलवार दोपहर तक अधिकांश इलाकों में चालूु नहीं हो सकी। लोग पानी-बिजली के लिए परेशान नजर आए। रात में करीब दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से नगर की नालियां और नाले उफान पर आ गए। नालों की गंदगी सड़कों पर बारिश के दौरान बहती रही। सुबह के समय गलियों और सड़कों की सफाई करने के लिए पहुंचे सफाईकर्मियों ने भी सफाई के नाम पर केवल खानापूरी ही की। अधिकांश सड़कों पर दोपहर बाद तक गंदगी पसरी रही। मंगलवार की सुबह जब अधिकांश लोग सोकर जागे तब उनको बारिश होने की जानकारी हुई। रात में बिजली गायब होने से सुबह लोग पानी तक के लिए तरस गए। बिजली नहीं होने से लोगों को नगर पालिका की टंकियों का पानी नहीं मिल सका। अधिकांश लोगों को घरों के आसपास लगे हैंडपंपों का ही सहारा लेना पड़ा।
बारिश के बाद सड़क की मिट्टी धंसी
मैनपुरी। बारिश के बाद कई स्थानों पर मिट्टी का कटान हो गया है। नगर के ईशन नदी चौराहा से दीवानी जाने वाले मार्ग पर इस कटान के बाद सड़क के नीचे करीब तीन फीट तक का गड्ढा हो गया है।
नगर में सड़कों का तेजी के साथ निर्माण हो रहा है लेकिन उनकी गुणवत्ता क्या है इसका कोई मापदंड नहीं है। सड़क किनारे डाबर रोड धंस चुकी है और करीब तीन फीट तक मिट्टी गायब होने से एक बड़ा गड्ढा हो गया है। कोई न कोई इसमें गिरकर चोटिल होता है। लोगों का कहना है कि विभाग ने सड़क का निर्माण तो करा दिया लेकिन किनारे की मिट्टी का कटान रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की। इसी वजह से हर साल सड़क के हालात बदतर हो जाते हैं। धीरे धीरे सड़क के तीन फीट तक पहुंच चुका गड्ढा बारिश के बाद बड़ा होता जा रहा है।