विकास खंड सुल्तानगंज के गांव खटाना में शौचालय आवंटन को लेकर गुरुवार की सुबह दो पक्ष भिड़ गए। असलाहों का जमकर प्रदर्शन हुआ। 100 नंबर पर सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गांव में मौजूद अधिकारियों ने डीएम को जानकारी दी है।
गुरुवार की सुबह गांव खटाना में शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा करने के लिए खंड प्रेरक रंजना चौहान, पंचायत सचिव मनोज, एडीओ पंचायत सुभाष पाठक समीक्षा करने पहुंचे। समीक्षा करने के दौरान ही गांव के प्रदीप ने शिकायत की कि उसको शौचालय आवंटन नहीं हुआ है। मौके पर मौजूद प्रधान के भाई से प्रदीप का विवाद हो गया। प्रधान के भाई द्वारा की गई गाली-गलौज की जानकारी होते ही प्रदीप के परिवारीजन तथा समर्थक भी वहां पहुंच गए। गाली-गलौज के साथ ही दोनों पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर असलाहों का प्रदर्शन हुआ। गांव में मौजूद अधिकारियों ने मामले की जानकारी 100 नंबर पर दी। सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गांव में मौजूद अधिकारियों ने मामले की जानकारी डीएम को दे दी है।