मैनपुरी। जिले में मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को इस संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं, सफाई नायकों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुपस्थित रहने पर डीएम ने चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक से सौतियाना प्रथम और द्वितीय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिभा व अनीता तथा रामलीला मैदान प्रथम और द्वितीय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन लता व सुनीता पाल अनुपस्थित मिलीं। इस पर डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को चारों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।