करहल में आयोजित हुए तहसील दिवस मेें सीडीओ विजय कुमार गुप्ता ने लोगों की शिकायतों को सुना। इस दौरान 52 शिकायतें आईं, जिनमें से मात्र चार शिकायतों का निस्तारण हुआ।
सीडीओ ने समीक्षा में पाया कि अभी विभिन्न विभागों में पांच शिकायती प्रार्थना पत्र निराकरण के लिए लंबित हैं। सर्वाधिक तीन शिकायती पत्र थानाध्यक्ष कुर्रा, एक-एक अधिशासी अभियंता सिंचाई, तहसीलदार भोगांव के यहां अनिस्तारित हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण कर आख्या उपलब्ध कराने को कहा। तहसील दिवस में प्रहलादपुर निवासी उपदेश ने अवैध कब्जा हटवाने, धोबई निवासी अशोक कुमार ने विद्युत बिल ठीक कराने, सिंहपुरा निवासी वीरेश कुमार ने राशन डीलर द्वारा खाद्यान्न उपलब्ध न कराने, नगला बरी निवासी राकेश कुमार ने सार्वजनिक रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटवाने, नगला भंती निवासी नीरज देवी ने मकान का ताला खुलवाने की मांग की। सीडीओ ने संबंधित को प्राथमिकता पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएमओ डाक्टर केके शर्मा, एसडीएम करहल रामचंद्र, डीडीओ जेएन कुरील, सीएमओ डाक्टर योगेश कुमार सारस्वत, पीडी केके वैश्य, बीएसए रामकरन यादव, डीआईओएस आरपी यादव, तहसीलदार करहल संतोष कुमार ओझा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कई अधिकारी कर्मचारी की लगाई अनुपस्थिति
घिरोर। तहसील दिवस में एसडीएम गुरुप्रसाद गुप्ता ने शिकायतें सुनीं। जब उनको पता चला कि कई अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। तो उन्होंने आठ कर्मचारियों को कार्यालयों में गैर हाजिर पाकर उनकी अनुपस्थिति लगा दी। गैर हाजिरी की रिपोर्ट डीएम कार्यालय में भेज दी है। इस मौके पर सहायक अभियंता लघु सिंचाई, चकबंदी अधिकारी, बीडीओ बरनाहल, एडीओ कृषि, थानाध्यक्ष दन्नाहार, बरनाहल आदि मौजूद थे।