फोटो27 सड़क हादसे के बाद मौके पर जांच करती कुरावली पुलिस। संवाद
कुरावली। नेशनल हाईवे 34 पर सोमवार सुबह सवारियां लेकर जा रही रोडवेज बस ट्रैक्टर-ट्राली से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के पास लगे लोहे के खंभे से जा टकराई।
हादसे में बस चालक सहित छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। बस चालक सहित तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दिल्ली से कानपुर सवारियां लेकर जा रही हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस सोमवार सुबह थाना क्षेत्र में एनएच 34 पर गांव लखौरा व हटऊ के बीच आलू लदे ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे निर्माणाधीन पेट्रोल के पास लगे लोहे के खंभे से जा टकराई।
बस के टकराते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
घायल बस चालक मनीष निवासी चक कोटी थाना कुरारा हमीरपुर, यात्री रूबी निवासी लोदीपुर थाना बेवर, गोविंद निवासी गांव मनोना कुरावली व ट्रैक्टर सवार अनूप, प्रवीन निवासी नगला पुली थाना सकीट एटा, अभिषेक निवासी ढाकपुरा थाना अरवल हरदोई को सीएचसी में भर्ती कराया।
चालक सहित सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली में भर्ती कराया गया, वहां से बस चालक मनीष सहित तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवा कर आवागमन सुचारू कराया।