गणतंत्र दिवस जिले भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। गणतंत्र दिवस के लिए खादी आश्रम पर राष्ट्रीय ध्वज की खूब बिक्री हुई। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों के अलावा आम लोगों ने भी आवासों पर तिरंगा फहराने के लिए राष्ट्रीय ध्वज खरीदे।
गणतंत्र दिवस पर होने वाले सरकारी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पुलिस लाइन पर होने वाली भव्य परेड की सलामी सांसद तेज प्रताप यादव लेंगे। गणतंत्र दिवस पर सुबह 7.30 बजे डीआईओएस और बीएसए के संयोजकत्व में नार्मल स्कूल से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। 8.30 बजे समस्त विभागाध्यक्षों के संयोजकत्व में समस्त सरकारी, अर्द्ध सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान, सामूहिक प्रतिज्ञा, राष्ट्रीय भावना से प्रेरित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सुबह 9.30 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुबह दस बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान, राष्ट्रभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम और खेलकूद का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे जिला चिकित्सालय में फल वितरण, रक्तदान शिविर, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन होगा। दोपहर दो बजे आरसी कन्या इंटर कालेज में वाद-विवाद, पोस्टर, व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन होगा। अपराह्न तीन बजे आरसी कन्या इंटर कालेज में राष्ट्र भक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम चार बजे एसडीएम स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घर जाकर सम्मानित करेंगे।