थाना घिरोर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बुधवार को सपाइयों ने पथराव कर दिया। इसकी सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं ने फोन से पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन वहां से भाजपाई जा चुके थे। थाना प्रभारी घिरोर का कहना है कि घटना की सूचना मिली थी लेकिन सपाइयों ने पथराव नहीं किया था बल्कि बच्चों ने ईंटें फेंकी थीं। देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
करहल विधानसभा के अंतर्गत नवाटेढ़ा चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रैली करने आ रहे केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में थाना औंछा के ग्राम नगला मनी के भाजपा समर्थकों पर सपा समर्थकों ने पथराव कर दिया। थाना औंछा क्षेत्र के पंकज चौहान निवासी नगला मनी 20-25 साथियों के साथ रैली में जा रहे थे। तभी थाना क्षेत्र घिरोर के ग्राम शाहजहांपुर पहुंचते ही सपा समर्थकों ने रैली में न जाने के लिए दबाव बनाया। जब वो नहीं माने तो सपाइयों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें आठ भाजपा समर्थक घायल हो गए। इसमें चार लोगों सचिन चौहान, अरुण चौहान, मोनू, पंकज चौहान को अधिक चोट आईं। वहीं इस संबंध में जब एसओ घिरोर से पूछा गया तो उनका कहना था कि सपाइयों ने कोई पथराव नहीं किया था बल्कि बच्चों ने ईंटें फेंकी थीं। वहीं देर शाम तक थाने पर पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।