किशनी में दो संप्रदायों के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों ही अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रख चुके हैं।
कस्बा किशनी में सोहम आश्रम पर श्रीमद्भागवत का आयोजन तीन से दस अक्तूबर तक किया जाना है। इस दौरान ही शारदीय नवरात्र भी हैं। पूरे सप्ताह धार्मिक कार्यक्रम होंगे। साईंधाम किशनी में श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इसके लिए वे पहले ही एसडीएम से अनुमति ले चुके हैं। दूसरी ओर सदर बाजार किशनी निवासी अब्दुल सत्तार पांच और छह अक्तूबर को कव्वाली और तकरीर का आयोजन करा रहा है। उनका कहना है वो भी आयोजन के लिए अनुमति ले चुके हैं। एसडीएम किशनी ने शमशेरगंज रोड किशनी पर आयोजन की अनुमति दी है।
एक ही समय में दो संप्रदायों के आयोजन को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक पक्ष के आदेश गुप्ता, कृष्णपाल सिंह, रमाकांत मिश्रा, आकाश सिंह, जितेंद्र सिंह चौहान, सुधीर गुप्ता, बॉबी भदौरिया ने एडीएम से मिलकर कव्वाली और तकरीर की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति जताई। दूसरी ओर अब्दुल सत्तार ने ज्ञापन में कहा है कि उसको सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही एसडीएम ने दो दिवसीय कव्वाली की अनुमति दी है।
सत्तार के कार्यक्रम की अनुमति एसओ की आख्या पर दी गई थी। चूंकि वह नए हैं इसलिए पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। विवाद शुरू होने पर एसओ से पुन: आख्या मांगी गई है। चूंकि तकरीर के लिए जो दिन निर्धारित किया गया है उस दौरान नवरात्र हैं इसलिए उक्त कार्यक्रम को दी गई अनुमति निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एसओ से कहा गया है कि वह अब्दुल सत्तार को 15 अक्तूबर के बाद कार्यक्रम करने के लिए पुन: प्रार्थना पत्र देने के लिए कहें।
- अमित कुमार, एसडीएम किशनी