मैनपुरी। कुर्रा क्षेत्र के एक स्कूल में मिड डे मील के भगोने में एक कुत्ता गिरने का मामला सामने आया है। उसी भोजन को बच्चों को खिलाने का आरोप लगाया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी करहल को पूरे मामले की गहनता से जांच कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।
सोशल मीडिया पर कुछ बच्चों का वीडियो वायरल होने पर एक बच्ची ने आरोप लगाया कि कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कुछ दिन पहले मिड डे मील के भोजन में लड़ रहे दो कुत्तों में से एक गिर गया था। स्कूल के शिक्षक ने उसे भगोने से निकालकर भगा दिया और यही भोजन को सभी को धमकाकर खिला दिया। अभिभावकों का भी आरोप है कि बच्चों को स्कूल में अच्छा भोजन नहीं मिलता। बीएसए सूर्यप्रताप सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी करहल आनंद भूषण को पूरे मामले की जांच कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनुजेश का कहना है कि सभी आरोप झूठे हैं। एक व्यक्ति बच्चों का वीडियो बनाकर रुपये देने के लिए दबाव बना रहा है।
एमडीएम के भगोने में कुत्ता गिरने का मामला गंभीर है। संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध आरोप पत्र भी तैयार किया जा रहा है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
सूर्य प्रताप सिंह, बीएसए