सपा मुखिया मुलायम सिंह के पौत्र सांसद तेज प्रताप यादव के 21 फरवरी को
तिलकोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अतिविशिष्ट अतिथियों के
आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जिले में
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सैफई के निकट करहल कस्बे में
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। करहल में पुलिस और पीएसी के जवानों ने
वाहनों की चेकिंग और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सभी विभागों के
गेस्टहाउस 20 से 22 फरवरी तक के लिए बुक कर दिए गए हैं।
बता दें कि सपा सुप्रीमो के पौत्र सांसद तेज प्रताप यादव के तिलकोत्सव की
तैयारियां अंतिम दौर में हैं। उनकी शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू
प्रसाद यादव की पुत्री राजलक्ष्मी से तय हुई है। इसमें जिले के अधिकारियों
और खास लोगों को आमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। तिलकोत्सव में कई वीवीआईपी के
आने की संभावना को देखते हुए पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय है। सैफई की
सीमा से सटे करहल में पुलिस और पीएसी के जवानों ने तलाशी अभियान चलाया।
करहल से सैफई की ओर जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। संदिग्धों पर
विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी श्रीकांत सिंह ने बताया कि
जिले भर में पुलिस का अलर्ट कर दिया गया है। 22 फरवरी तक निरंतर चेकिंग और
तलाशी अभियान जारी रहेगा।
उधर तिलकोत्सव में भाग लेने के लिए आने वाले मंत्रियों आदि के लिए सभी
सरकारी विभागों के गेस्ट हाउस बुक कर दिए गए हैं। 20 से 22 फरवरी तक किसी
को सरकारी निरीक्षण भवन या गेस्ट हाउस के कमरे नहीं दिए जाएंगे। एडीएम
डाक्टर चंद्रभूषण ने बताया कि विशिष्ट अतिथियों को गेस्ट हाउस के कमरे दिए
जाएंगे।
19एमएनपी 27सी: तेज प्रताप यादव।