मैनपुरी। मुस्लिम धर्म के पाक माह रमजान को लेकर रोजेदारों में खासा उत्साह है। जहां प्रतिदिन रोजेदार पांच वक्त की नमाज अदा कर इबादत कर रहे हैं, वहीं जुमे की नमाज में यह उत्साह कुछ और बढ़ जाता है। रमजान माह के चौथे जुमे पर जिले भर की मस्जिदों में जुमे की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने वालों ने खुदा की इबादत कर देश में अमन और चैन के लिए दुआ मांगी। नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात रही।
पाक रमजान माह के चौथे जुमे पर शहर की जामा मस्जिद, खानकाह ए रशीदिया, छोटी खानकाह, खजूर वाली मस्जिद और कब्रिस्तान वाली मस्जिद में रोजेदारों ने विशेष नमाज अदा की। भोगांव में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए नमाज के दौरान मस्जिदों पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखी गई। भोगांव में मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात रही। जामा मस्जिद में पेश इमाम शमी अहमद ने मुल्क की हिफाजत के लिए दुआ की और कहा कि खुदा हमारे मुल्क को महफूज रखे और तरक्की बख्शे। पाक रमजान माह में जो शख्स अल्लाह की राह में एक रुपया खर्च करता है खुदा उसके एक लाख गुनाह बख्श देता है। पाक रमजान माह की 26वीं रात को कुराने पाक नाजिल हुआ।
खानकाह ए रशीदिया में नमाज के बाद अब्दुर्रहमान खां चिश्ती उर्फ बबलू मियां ने कहा कि रमजान मुबारक में घर में खैर और बरकत बढ़ जाती है। अल्लाह कहता है कि ऐ बंदे तू अगर मेरे लिए एक बार दुआ के हाथ उठाएगा तो मेरे फरिश्ते सत्तर हजार बार तुझ पर निगहबान होंगे। उन्होंने कहा कि इस महीने में अधिक से अधिक गरीबों को खैरात दें और इफ्तार की दावतों में खासतौर पर गरीबों को खाना खिलाएं। मोहम्मद अहमद नईमी ने कहा कि रमजान में रोजा रखने से बरकत मिलती है। रोजा रखना हर मुसलमान का फर्ज है। जो लोग रोजा रखकर अल्लाह को याद करते हैं। अल्लाह उनकी मदद करता है। करहल, भोगांव, कुरावली, बेवर, घिरोर, किशनी और कुसमरा की मस्जिदों में भी जुमे की विशेष नमाज में रोजेदारों ने शिरकत कर देश की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।