बेवर। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत श्यामपुर-भटपुरा के प्रधान नवीन तोमर दिल्ली में जिले का नाम बढ़ाएंगे। 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में उन्हें आमंत्रित किया गया है। प्रधान के चयन को जिले के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ग्राम प्रधान नवीन सिंह तोमर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत श्यामपुर-भटपुरा में स्वच्छता, ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण, पारदर्शी प्रशासन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों को आधार बनाकर पंचायती राज विभाग ने उन्हें दिल्ली आमंत्रित कर सम्मानित करने का निर्णय लिया।