थाना क्षेत्र के गांव सींगेपुर में शनिवार को थाना पुलिस ने छापा मारा। वहां आयोजन स्थल से एक व्यक्ति को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। आयोजन स्थल पर हवन के नाम पर ली गई परमीशन पर भूूत भगाने के नाम पर तंत्र मंत्र का खेल चल रहा था। कार्रवाई के दौरान ढाेंगी बाबा और उसके सहयोगी वहां से भाग गए।
गांव सींगेपुर में 13 सितंबर 2016 को शिव शक्ति महायज्ञ के नाम से विशाल आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में बाबा ने स्पर्श चिकित्सा के नाम पर लोगों को कई आराध्य रोगों के शत प्रतिशत लाभ का भरोसा दिलाया। जिसके चलते आयोजन में रोजाना ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो रही थी। आयोजन स्थल पर तंबू लगाकर कई लोग वहां टिके हुए थे। आयोजन में शिव महाराज नाम का बाबा लोगों को भूत प्रेत भगाने का दावा करते हुए कई तांत्रिक क्रियाएं कर रहा था। वह खुद को अलौकिक शक्तियों वाला बाबा बताकर लोगों को लगातार भ्रमित कर रहा था।
शनिवार को किसी ने डीएम और एसपी को आयोजन में कई शस्त्र धारियों के होेने की सूचना दी। अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर छापा मारा। तंबू के अंदर से होम सिंह यादव निवासी नगला खादर इटावा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बंदूक और नौ कारतूस बरामद हुए। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति शनिवार तक थी मगर शस्त्र जमा नहीं कर शर्तों का उल्लंघन किया गया है। बाबा समेत अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं पर होता था तंत्र मंत्र
आयोजन के दौरान भूत प्रेत भगाने के नाम पर महिलाओं को बेहोश करना, उनको आयोजन स्थल की परिक्रमा आदि कराया जाता था। ये सब कुछ गांव में खुलेआम चल रहा था मगर न तो प्रशासन न हीं पुलिस को इसकी भनक लग सकी।
कार्यक्रम की अनुमति महायज्ञ कराने के नाम पर ली गई थी। अगर अंधविश्वास फैलाया जा रहा था तो जांच कर आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमित सिंह, एसडीएम किशनी