थाना बरनाहल के गांव सोथरा निवासी युवक और उसकी मां को पीटने का मामला राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। शुक्रवार को भाजपा नेताओं के साथ पीड़ित के परिवारीजन और ग्रामीण एसपी से मिले। कहा कि 12 अगस्त को गांव में हुए एक हत्याकांड के गवाह के पुत्र का पुलिस उत्पीड़न कर रही है। हत्यारोपी खुलेआम घूमकर कार्रवाई न किए जाने के लिए धमकी दे रहे हैं। एसपी ने पीड़ित को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गुरुवार को थाना बरनाहल एसओ पुलिसबल के साथ गांव सोथरा निवासी ध्यानचंद्र के पुत्र सुरेंद्र को बाइक चोरी के आरोप में थाने ले आए। वहां उसके साथ मारपीट की गई जब सुरेंद्र की मां थाने पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई जिससे वह बेहोश होकर गिर र्गइं। पुलिस की इस मनमानी कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने देर शाम थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। आखिरकार पुलिस को युवक को छोड़ना ही पड़ा। पुलिस की पिटाई से मां-बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से गुस्साए करीब एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण और पीड़ित के परिवारीजन शुक्रवार को एसपी देवरंजन वर्मा से मिले। उन्हें प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 12 अगस्त को ग्राम सोथरा में उसके बुआ के लड़के शैलेंद्र की हत्या कर शव पेड़ पर टांग दिया गया था। उक्त मामले में प्रेमिका संगीता, मुन्नालाल, सोनू, रेशमा निवासी ग्राम सोथरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में पीड़ित धीरेंद्र के पिता ध्यानचंद्र गवाह हैं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय गवाह के परिवार को डरा धमका रही है। पुत्र और पत्नी को थाने ले जाकर पीटा जा रहा है।