मैनपुरी/करहल। रविवार की देर शाम तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से ग्रामीण अंचल में कई स्थानों पर विद्युत खंभे टूट गए। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सबसे अधिक नुकसान करहल क्षेत्र में हुआ। यहां करीब 30 गांव की बिजली आपूर्ति पोल टूटने से प्रभावित हो गई।
रविवार की देर शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे करहल क्षेत्र में उपकेंद्र करहल और सिमरऊ क्षेत्र में करीब 20 पोल टूट गए। इससे करीब 30 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके साथ ही उपकेंद्र दन्नाहार, घिरोर क्षेत्र के कई फीडर क्षेत्र में भी तेज हवाओं और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने सभी उप खंड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी बारिश और हवा के कारण नुकसान हुआ है वहां रात के समय ही कार्य कराया जाए। उपभोक्ताओं का बिजली आपूर्ति सुचारू दिलाई जाए। अधीक्षण अभियंता के निर्देश के बाद रात में ही बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट ठीक करने में जुट गई थीं। हालांकि जिन इलाकों में पोल टूटे हैं वहां सोमवार की दोपहर तक सप्लाई देने की बात कही गई है।