रंगों से सराबोर होकर गाए फाग और होली गीत
- फोटो : अमर उजाला
होली की मस्ती पुरानी मैनपुरी में होली से एक दिन पूर्व ही नजर आई। चतुर्वेदी समाज ने राधामोहन लाल जी महाराज (ठाकुर जी) की शोभायात्रा निकाली। साथ ही रंगों की बौछार शुरू हो गई। जिस मार्ग पर शोभायात्रा निकलती उसी मार्ग पर हुरियारे रंगों की बरसात शुरू कर देते। रंगों से सराबोर चतुर्वेदी समाज के लोग होली गीत गाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर निकले। प्राचीन दाऊ जी मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा कृष्णा सिनेमा रोड स्थित भगवान गणेश मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
रविवार को निकाली गई शोभायात्रा में शामिल भंग की तरंग में मदमस्त चतुर्वेदी समाज के लोग अबीर गुलाल उड़ा रहे थे। रंगों से सराबोर चतुर्वेदी समाज के लोग फाग और होली गीत गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में सबसे आगे राधामोहन लाल जी की सुसज्जित झांकी चल रही थी। वहीं छतों से स्त्री, पुरुष और बच्चे शोभायात्रा में शामिल लोगों पर रंगों की बरसात कर रहे थे। शोभायात्रा मोहल्ला मिश्राना, चौथियाना, सौतियाना, कटरा आदि मार्गों से होती हुई कृष्णा सिनेमा रोड स्थित भगवान गणेश मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु होली और फाग गाते हुए एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के पश्चात चतुर्वेदी समाज के लोगों ने फाग और होली का गायन कर वृंदावन और बरसाने की याद ताजा कर दी। शोभायात्रा में डोला पूजन संजीव वैद्य ने किया। इस दौरान विनय सोती सहित चतुर्वेदी समाज के लोग मौजूद रहे।
खाटू की बरात में खूब उड़ा अबीर-गुलाल
होली की पूर्व संध्या पर्व पर राजा मंडी के तत्वावधान में देर शाम खाटू की बरात शुरू की गई। धर्मेंद्र राठौर के नेतृत्व में राजा मंडी से शुरू हुई बारात घंटाघर चौराहा, बजाजा बाजार, बड़ा चौराहा, करहल रोड, मुकुट बिहारी रोड, भीमसेन मंदिर, आगरा रोड, सदर बाजार होती हुई पुन: राजा मंडी पहुंच कर समाप्त हुई। लोगों ने जहां एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया।