मैनपुरी। विद्युत निगम की ओर से आगामी गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। लेकिन शहर में कई स्थानों पर खुले में रखे ट्रांसफाॅर्मर, झूलते बिजली तार और क्षतिग्रस्त पोल व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। यही हालात रहे तो आने वाले गर्मी के दिनों में उपभोक्ताओं को कटौती का करंट झेलना पड़ रहा है। निगम के अधिकारियों के अनुसार शहरी क्षेत्र में एक साल में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
दृश्य एक
ट्रांसफाॅर्मर की टूटी बैरीकेडिंग
मोहल्ला गाड़ीवान स्थित प्राचीन श्री भीमसेन महाराज मंदिर के पास तिराहे पर विद्युत निगम की ओर से ट्रांसफाॅर्मर रखवाया गया है। ट्रांसफाॅर्मर के चारों ओर लगी बैरीकेडिंग कई महीनों से टूटी पड़ी है। यहां से दिनभर लोगों का आना-जाना रहता है, खुले ट्रांसफाॅर्मर के कारण लोगों को हादसे का डर सता रहा है।
दृश्य दो
सड़क किनारे रखा खुला ट्रांसफाॅर्मर
देवी रोड स्थित चुंगी तिराहा के पास एक ट्रांसफाॅर्मर रखा हुआ है। लेकिन ट्रांसफाॅर्मर के आसपास सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ट्रांसफाॅर्मर के आसपास खुले तार बिखरे होने के कारण लोगों को डर है कि इससे कभी भी हादसा हो सकता है। ट्रांसफाॅर्मर के चारों ओर बैरीकेडिंग कराना आवश्यक है।
दृश्य तीन
गिराऊ हालत में विद्युत पोल
मोहल्ला सौतियाना में बिजली आपूर्ति के लिए पोल लगवाया गया है। लेकिन पोल गिराऊ हालत में है, सड़क की ओर पूरी तरह झुक चुका पोल कभी भी सड़क पर गिरने से हादसा होने का डर है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई महीनों से पोल क्षतिग्रस्त है, अब सड़क की ओर झुक गया है। यदि पोल गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है।
दृश्य चार
क्षतिग्रस्त हो गया बिजली को पोल
मंडी धर्मदास में एक विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया है। जंग लगने के कारण पोल नीचे से गल गया है। यदि पोल की सही समय पर मरम्मत नहीं कराई गई या उसे बदलवाया नहीं गया, तो आने वाले गर्मी के मौसम में यह आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न कर सकता है। लोगों का कहना है कि कई महीनों से पोल क्षतिग्रस्त है, मरम्मत कराना जरूरी है।
बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए एक साल में करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। आगामी बिजनेस प्लास के तहत ट्रांसफाॅर्मरों की बैरीकेडिंग, केबलों को दुरुस्त कराना और क्षतिग्रस्त पोलों की मरम्मत का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। आगामी गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए प्लान तैयार किया गया है। - अनिल कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता, प्रथम
फोटो 17 मोहल्ला सौतियाना में गिराऊ स्थिति में विद्युत पोल। संवाद
फोटो 17 मोहल्ला सौतियाना में गिराऊ स्थिति में विद्युत पोल। संवाद
फोटो 17 मोहल्ला सौतियाना में गिराऊ स्थिति में विद्युत पोल। संवाद