फोटो 39 गांव मानिकपुर में उपभोक्ताओं से संवाद करते एसई मुकेश कुमार। स्रोत निगम
मैनपुरी। बिजली बिल का बकाया जमा कराने और राजस्व बढ़ाने के लिए विद्युत निगम ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने भोगांव क्षेत्र के उपकेंद्र आलीपुरखेड़ा के अंतर्गत आने वाले गांव मानिकपुर में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से संवाद किया। उन्होंने बकाया बिजली बिल जल्द जमा करने की अपील की।
अधीक्षण अभियंता ने ग्रामीणों को समय से बिजली बिल जमा करने के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिल का भुगतान करने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिलती है। बकाया बढ़ने पर कनेक्शन काटने और नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति बन सकती है। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के साथ ही राजस्व वसूली को गति देने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। एसडीओ भोगांव राजीव कुमार ने टीम के साथ गांव में कई विद्युत कनेक्शनों की जांच की।