मैनपुरी। गांव धारऊ में सास की हत्यारोपी बहू का 10 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। सास ने बहू के पिता से मोबाइल फोन पर बात करने की शिकायत की थी, इसी से नाराज होकर बहन और फूफा के साथ वारदात को अंजाम दिया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ निवासी तारावती (47) बेटे नीशू और बहू नेहा के साथ रह रही थीं। बहू फोन पर अधिक बात करती थी। इसकी शिकायत तारावती ने समधी को बुलाकर की थी। इसके साथ ही खाना नहीं देने और अन्य शिकायतें भी की थीं। इसी बात से नाराज होकर 28 नवंबर की रात को नेहा ने अपनी बहन पूजा और फूफा उदय पाल के सहयोग से सास की गला घोट कर हत्या कर दी थी। जानकारी होने के बाद पति नीशू की पिटाई कर भाग गई थी। पुलिस ने नीशू की तहरीर पर पत्नी, फूफा उदय पाल, साली पूजा और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 10 दिन से अधिक का समय बीत चुका है। अभी तक न तो मुख्य हत्यारोपी बहू नेहा पुलिस के हाथ आ सकी है, न ही अन्य आरोपियों का सुराग लग सका है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही खुलासे के साथ आरोपी भी पकड़े जाएंगे।