फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध कब्जे व बेईमानी न रुकी तो मंत्री पद छोड़ दूंगा: शिवपाल

Mon, 15 Aug 2016 06:35 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मैनपुरी
विज्ञापन
जनसभा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सपाइयों के जमीनों पर अवैध कब्जा करने की शिकायतों के प्रति प्रदेश के लोक निर्माण व सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव काफी सख्त नजर आए। उन्होंने बेलगाम होते सपा कार्यकर्ताओं को लेकर यहां तक कह दिया, ‘अगर सपाइयों की ओर से अवैध कब्जा और बेईमानी की हरकतें नहीं रुकीं तो मैं अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।’ उन्होंने दु:खी स्वर में कहा कि जब हम लोगों की बात का असर ही नहीं, कोई बात सुनने वाला ही नहीं तो मंत्री पद पर बने रहने से फायदा ही क्या।
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री रविवार सुबह यहां मैनपुरी रोड पर नवस्थापित सेंट जीडी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बेईमानी और उत्पीड़न के खिलाफ ही बनी है, इसीलिए हम सबको समाज की सेवा करनी है। थाना और तहसील समाज की सेवा करने के लिए होते हैं, हमारे कहने के बाद भी अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। वे सुन नहीं रहे और सपा के ही लोग अवैध कब्जा व बेईमानी करने से बाज नहीं आ रहे तो हमारे मंत्री रहने से क्या फायदा? उन्होंने खेद के साथ कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने जिस पार्टी की मजबूती के लिए कड़ी मेहनत कर उसे सफलता दिलाई हो, उसे ही कुछ लोगों ने कमजोर करने का काम किया है। 

उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा हो तो नेताजी मुलायम सिंह यादव और मुझे डाक द्वारा सूचित करें। तहसील दिवस पर मैं स्वयं यहां बैठकर जनता को न्याय दिलाने का कार्य करूंगा। उन्होंने आगे प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र भी किया। इससे पहले मंत्री यादव का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सभा में सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, राज्यमंत्री सुभाष चंद्र यादव, विधायक ब्रजेश कठेरिया, पूर्व विधायक मानिकचंद्र यादव, अनिल यादव, अब्दुल रहमान बबलू, मियां मैनपुरी, सफी मंसूरी, उदयप्रताप सिंह, विक्रम प्रताप सिंह यादव, आशू दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डॉ. राम कुमार यादव, रघुवीर सिंह यादव, पूर्व चेयरमैन चौधरी अब्दुल नईम, पूर्व विधायक मुक्तिना यादव देवरिया, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ वंदना यादव, पीसीएफ डायरेक्टर अनुजेश प्रताप सिंह यादव, सुजान सिंह यादव ने भी विचार व्यक्त किए। सभा की अध्यक्षता राम बहादुर सिंह पांडेय ने की और संचालन विशेश्वर सिंह यादव ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य राहुल यादव, चेयरमैन कुरावली अभिलाख सिंह राठौर आदि मौजूद थे। 
विज्ञापन

 
दो सीटों से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
करहल। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को करहल की सभा में स्पष्ट कहा कि अगला विधानसभा चुनाव वह जसवंतनगर और करहल दोनों सीटों से लड़ना चाहते हैं। यह मेरे मन की बात है। सपा हाईकमान नेताजी जो भी आदेश देंगे, उसका वह पूरी तरह पालन करेंगे। मंत्री के इस कथन पर कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधायक मानिक चंद्र यादव ने जोरदारी से कह दिया कि मंत्री जी आप करहल का प्रतिनिधित्व करें, लोग स्वागत करते हैं। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें