थाना क्षेत्र में लगुन चढ़ाकर शनिवार रात लौट रही मिनी बस कुरावली-घिरोर मार्ग पर असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 36 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा बस चालक की झपकी लगने पर हो गया।
शनिवार की रात फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद के गांव नगला पंचम निवासी राजेंद्र पुत्र तेजराम की बेटी की लगुन थाना औछा के गांव दूल्हापुर निवासी राकेश पुत्र नेकसेलाल के यहां आई थी। एक स्कूल की मिनी बस से लगभग 36 लोग आए थे। लगुन चढ़ाने के बाद सभी लोग तीन दो बजे गांव लौट रहे थे। जैसे ही मिनी बस कुरावली-घिरोर मार्ग स्थित गांव विशनपुर से आगे निकली, तभी चालक को झपकी लग गई और बस असंतुलित होकर सड़क किनारे खड्ड में जाकर पलट गई। इससे बस में सवार सभी लोग घायल हो गए। चीख-पुकार पर गांव के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को बाहर निकाला और थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
यह लोग हुए घायल
हादसे में नीरज (24), सोमपाल (60), सचिन (13), नीतेश (17), सरवन (48), हेम सिंह (45), रंजीत (45), जीतू (20), गिरीश, निवासी नगला पंचम, संतोष (18) निवासी गांव रायपुर थाना मोहम्मदाबाद, पप्पू (45) निवासी गांव धरेदा थाना कुरावली सहित 36 लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र में उपचार के उपरांत छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल कर्मियों ने दिखाई तत्परता
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद डाक्टर आनंद किशोर ने घायलों के अस्पताल पहुंचते ही तत्काल स्वास्थ्य कर्मियों को बुला लिया और आनन-फानन में घायलों को उपचार मुहैया कराया गया।