फोटो 15 जीत के बाद विजेता कप के साथ खुशी मनाते खिलाड़ी, साथ में अतिथि। संवाद
मैनपुरी। क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कौशलेंद्र भदौरिया एवं असलम खान स्मृति अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हो गया। फाइनल मैच में एसबीआरएल एकेडमी को 59 रनों से हराकर एमसीए मैनपुरी की टीम चैंपियन बनी।
एमसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29 ओवर में 165 रन बनाए। कुलदीप ने 47, आकर्ष ने 32 और आयुष यादव ने 17 रनों की पारी खेली। एसबीआरएल एकेडमी के अमित ने तीन, आस्तिक और ऋषभ ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसबीआरएल एकेडमी की पूरी टीम 23.5 ओवर में 106 रन ही बना सकी। आशुतोष ने 21, आस्तिक ने नाबाद 18 और युवराज ने 14 रन बनाए। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख जागीर मनेश सिंह चौहान गुड्डू ने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अभय प्रताप सिंह को, बेस्ट गेंदबाज आरुष शाक्य, बेस्ट बल्लेबाज कुलदीप सिंह और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अंश बाबू को प्रदान किया गया।
मैच में अंपायरिंग सुनील शुक्ला और शशांक मिश्रा और स्कोरिंग विक्की शुक्ला ने की। इस दौरान एमसीए अध्यक्ष महेश मिश्रा, सचिव बीडी शुक्ला, आयोजन समिति के सचिव आलोक गुप्ता, प्रवीण भंसाली टूर्नामेंट संयोजक पंकज राठौर आदि मौजूद रहे।