मैनपुरी। बिजली चोरी मामलों में प्राथमिकी दर्ज खत्म कराने के नाम पर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग विद्युत प्रवर्तन दल और बिजली चोरी निरोधक थाने के अधिकारी और कर्मचारी बनकर संबंधित उपभोक्ताओं को फोन कर रहे हैं। प्राथमिकी खत्म कराने के नाम पर ऑनलाइन रुपये की मांग की जा रही हैं। ऐसे में उपभोक्ता सतर्क रहें। प्रभारी उप निरीक्षक प्रवर्तन दल प्रदीप कुमार ने बताया कि विद्युत चोरी के मामलों में निगम की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई जाती है। साइबर ठग ऐसे लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग मोबाइल नंबर 8871068918 समेत अन्य फर्जी नंबरों से फोन कर प्राथमिकी समाप्त कराने का झांसा देते हैं और इसके एवज में ऑनलाइन पैसे मांगते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि विद्युत प्रवर्तन दल अथवा विद्युत चोरी निरोधक थाने के किसी अधिकारी या कर्मचारी का नाम लेकर यदि कोई व्यक्ति प्राथमिकी खत्म कराने के बदले पैसों की मांग करता है तो उसके झांसे में न आएं। ऐसी कॉल आने पर तत्काल संबंधित साइबर थाने को सूचना दें।