अधिकारियों के निर्देश के बाद भी ग्रामीण सफाई कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। मतदान केंद्र बनाए गए स्थानों पर अभी भी गंदगी और ईंट पत्थरों के ढेर लगे हुए हैं। मतदान वाले दिन इन ढेरों से मतदान के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मतदान केंद्रों पर सफाई, पानी, रोशनी की व्यवस्था कराने के निर्देश चुनाव आयोग ने दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम इस सबंध में बीएसए, डीपीआरओ, अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दे चुके हैं। डीपीआरओ तथा जिला परियोजना समन्वयक लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रेक्षक भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जानकारी जुटा रहे हैं। मगर हालात इसके विपरीत हैं। सरकारी स्कूलों में बनाए गए कई मतदान केंद्रों पर आज भी गंदगी तथा ईंट पत्थरों के ढेर लगे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केंद्रों की सफाई कराने की जिम्मेदारी ग्रामीण सफाई कर्मियों को सौंपी गई है। लेकिन ग्रामीण सफाई कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। उनके द्वारा मतदान केंद्रों पर सफाई नहीं की जा रही है जबकि जिले में 19 फरवरी को मतदान होना है।
डीपीआरओ अभय कुमार यादव का कहना है मतदान केंद्रों पर शौचालय, सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश एडीओ, पंचायत सचिव, सफाई कर्मियों को दिए गए हैं। कुछ मतदान केंद्रों पर सफाई कर्मचारियों द्वारा गंभीरता से सफाई नहीं की जा रही है। उनको चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।