कुरावली में एफसीआई के गोदाम पर खाद न मिलने पर शुक्रवार को किसानों ने
प्रदर्शन किया। जीटी रोड पर जाम लगा दिया। जानकारी पर पहुंची थाना पुलिस ने
किसानों को समझा कर जाम खुलवाया। कहा कि खाद वितरण के लिए उच्चाधिकारियों
से बात की जाएगी।
शुक्रवार को कस्बा के गैलानाथ पुल के समीप स्थित एफसीआई के गोदाम पर सुबह से ही खाद लेने के लिए किसान पहुंचने लगे। केंद्र के इंचार्ज ने गोदाम ही नहीं खोला। अपराह्न तीन बजे के लगभग किसानों का आक्रोश भड़क गया। एक सैकड़ा से अधिक किसानों ने गोदाम के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में जीटी रोड पर जाम लगा दिया। आधा घंटे तक जाम की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाकर जाम खुलवाया।
किसान दलवीर सिंह का कहना था कि गोदाम से खाद की कालाबाजारी की जाती है। किसानों को खाद नहीं दी जाती। पिछले तीन दिनों से खाद लेने के लिए गोदाम आते हैं लेकिन उन्हें खाद नहीं दी जा रही। आराम सिंह का कहना था कि केंद्र के इंचार्ज अपने परिचितों को खाद दे देते है। आम किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। प्रदर्शन करने वालों में किसान रामसनेही, उमेश, श्रीकृष्ण, किशनलाल, राजाराम, सुभाष चंद्र, अगन लाल, राजपाल, राजू, हरिओम, गिरीश, पुष्पेंद्र, महावीर आदि शामिल थे।