भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल से भेंट कर किशनी को नया जिला बनाने का विरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश सरकार मालती नगर नाम से नया जिला बनाकर उसमें जिले की करहल और किशनी तहसील को शामिल किए जाने की तैयारी कर रही है। जिससे जिले का स्वरूप ही नष्ट हो जाएगा। ज्ञापन में जिले में बढ़ रही आपराधिक वारदातों और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया के नेतृत्व में गुरुवार शाम प्रतिनिधि मंडल ने लखनऊ में राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन दिया।पूर्व में मैनपुरी जिले की शिकोहाबाद और जसराना तहसील क्षेत्र को फीरोजाबाद जिले में समाहित किया जा चुका है। ऐसे में क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से जिला सीमित हो चुका है। अब प्रदेश सरकार सैफई को मालती नगर के नाम से नया जिला बनाने की तैयारी में है। इसमें मैनपुरी की करहल और किशनी तहसील को शामिल किए जाने की योजना है। यदि ऐसा होता है तो जिले का स्वरूप ही नष्ट हो जाएगा।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल राम नाइक को दिए ज्ञापन में जिले में बढ़ रहे अपराधों और भ्रष्टाचार की जानकारी दी। ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में हत्या, लूट, बलात्कार, चोरी की घटनाआें में तेजी से इजाफा हुआ है। जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत में मानक के अनुरूप कार्य नहीं कराया जा रहा है। सांसद और विधायक निधि ऐसे स्कूलों को दी जा रही है जिसमें पढ़ाई के नाम पर कुछ भी नहीं होता। अधिकांश में धड़ल्ले से नकल कराई जाती है। जिससे शिक्षा के स्तर में गिरावट आ रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सड़कों के किनारे लगे पेड़ों का चौड़ीकरण कराने के नाम पर काट तो दिया गया है लेकिन नए पेड़ नहीं लगवाए गए हैं। प्रतिनिधि मंडल में जिला महामंत्री रमाशंकर तिवारी, जिला उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित चौहान, रामभान सिंह तोमर, शिखर मोहन राजपूत शामिल थे।