मैनपुरी। जिले के 28 कॉलेजों की लापरवाही से 500 छात्रों का शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है। इन कॉलेजों ने तय समय सीमा के बावजूद छात्रों की प्रोन्नति पोर्टल पर अपलोड नहीं की।
इस पर सख्त रुख अपनाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर यह कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित कॉलेजों के यू-डायस कोड बंद कर दिए जाएंगे। इससे कॉलेजों की मान्यता पर संकट के साथ ही छात्रों की अगली कक्षा में प्रवेश की राह भी रुक सकती है।
डीआईओएस सतीश कुमार ने बताया कि बार-बार निर्देश के बाद भी इन 28 कॉलेजों ने प्रोन्नति प्रक्रिया में गंभीर कोताही बरती है। पोर्टल पर डाटा अपलोड न होने से छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश लेने में दिक्कत आएगी और उनका शैक्षणिक रिकॉर्ड भी प्रभावित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम चेतावनी है, समय सीमा में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
बता दें कि यू-डायस कोड शिक्षा विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान संख्या है। इसके बिना कॉलेज सरकारी योजनाओं, अनुदान और परीक्षा संबंधी सुविधाओं से वंचित हो जाएंगे। छात्रों का पंजीकरण और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं भी ठप पड़ सकती हैं। विभाग ने सभी संबंधित कॉलेजों को तत्काल कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया है ताकि छात्रों का एक भी शैक्षणिक सत्र खराब न हो।