मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला मोती के रहने वाले एक युवक से परिवहन विभाग में नौकरी का लालच देकर 95 हजार रुपये ठग लिए गए। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव नगला मोती के रहने वाले दरवेश ने बताया कि गांव के रहने वाले सिद्धार्थ ने उसकी मुलाकात करहल क्षेत्र के गांव कांकन निवासी संजय से कराई थी।
इसके बाद से उनके बीच बातचीत होने लगी थी। संजय ने एक दिन कहा कि परिवहन विभाग में नौकरी लगवा सकता है।
उसे यकीन दिलाया कि अगर वह 95 हजार रुपये दे, तो उसकी नौकरी लगवा देगा। दरवेश ने सिद्धार्थ के माध्यम से 95 हजार रुपये दे दिए। मगर, काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो उसने रुपये वापस मांगे। तब सिद्धार्थ व संजय ने रुपये वापस करने से मना कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। एलाऊ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू की गई है। संवाद