मैनपुरी। जिला अस्पताल में बुधवार को टीबी और एचआईवी समन्वय की मासिक बैठक आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। बैठक में मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक में जिला अस्पताल के सीएमएस ने टीबी और एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की। इस दौरान जांच और उपचार में आपसी तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता जताई गई। संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को आवश्यक परामर्श देने और उन्हें नियमित उपचार के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया गया, जिससे उपचार बीच में छूटने की समस्या को कम किया जा सके। इसके साथ ही मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। इस मौके पर डॉ. गौरव अग्रवाल, वेदप्रकाश, विकास चंद्र गुप्ता, नरसिंह राठौर, वाईपी सिंह, अतुल वर्मा और नौशीन खां आदि मौजूद रहे।
बीमारियों से जुड़े मरीजों की पहचान और उपचार में आपसी तालमेल बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। जांच और उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मियों को पूरी मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. राज सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल मैनपुरी