नवीगंज। थाना बेवर क्षेत्र के कांसेपुर गांव में बुधवार सुबह खेत जोतने के दौरान किसान का पैर अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन ने किसान को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कांसेपुर निवासी रहीसचंद्र पाल (50) सुबह करीब 6:00 बजे आलू की बोआई के लिए रोटावेटर से खेत जुतवा रहे थे। इसी दौरान उनका पैर चलते रोटावेटर के ब्लेड में आ गया। ट्रैक्टर चालक जब तक मशीन बंद करता, तब तक किसान का पैर बुरी तरह कट चुका था। खेत पर चीखपुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग पहुंचे। जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजन ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें रोटावेटर से निकाला। इलाज के लिए परिजन उनको कानपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है।