मैनपुरी। शनिवार सुबह नगर में एक 24 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस को आशंका है कि युवक ने पारिवारिक नाराजगी के चलते खुदकुशी की है। मौत से पहले युवक ने अपने फोन पर- अपनों से ही हारा हूं, का स्टेटस भी लगाया था।
मृतक की पहचान भांवत चौराहा पावर हाउस सड़क के पास रहने वाले 24 वर्षीय अनिकेत कुमार उर्फ वासु के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन मोर्चरी पहुंच गए। अनिकेत ने अपने स्टेटस में अलविदा दोस्तों, अपनों से ही हारा हूं, लिखा था। पुलिस का प्रारंभिक मानना है कि किसी पारिवारिक कारण से अनिकेत ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने अनिकेत की पत्नी से विवाद के चलते खुदकुशी का आरोप लगाया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है।
इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि घरेलू कारणों से खुदकुशी की बात सामने आई है। पुलिस को अभी तक किसी आरोप से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि कोई तहरीर मिलती है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।