मैनपुरी। जिले के बरनाहल विकास खंड क्षेत्र के हाजीपुरनेरा से नगला बरी सिकरवार होते हुए सजावहारपुर मार्ग की हालत दयनीय है। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग की मरम्मत के लिए 58 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। धनराशि स्वीकृत होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हाजीपुरनेरा से नगला बरी सिकरवार होते हुए सजावहारपुर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। कई बार स्थानीय लोगों ने मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। डेढ़ महीने पहले क्षेत्रीय लोगों ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग वीके चौधरी से मुलाकात कर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की थी। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग की मरम्मत लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-3 लोक निर्माण विभाग धनुषधारी ने बताया कि मार्ग की मरम्मत के लिए 58 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था नामित होते ही मार्ग की मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया जाएगा।