फोटो1 चोरी की घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। सिविल लाइन चौकी क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने चौकी से महज 50 मीटर दूर सराफा की दुकान के ताले तोड़कर करीब चार लाख से अधिक के जेवर चोरी की दुस्साहसिक वारदात अंजाम दी। बृहस्पतिवार सुबह घटना की जानकारी होने के बाद सीओ सिटी ने पीड़ित से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने मौके से जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरवंश नगर निवासी आशीष पाल गोला बाजार में एमपी ज्वैलर्स के नाम से सराफा की दुकान का संचालन करते हैं। बुधवार की शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे, तो वहां भीड़ एकत्रित थी, देखा कि दुकान में लगे शटर के ताले टूटे थे। अंदर जाकर देखा तो सोने चांदी के जेवर चोरी हो चुके थे।
सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर भदौरिया मौके पर पहुंचे, दुकानदार से चोरी गए माल के बारे में जानकारी ली, दुकानदार ने बताया कि करीब एक किलो चांदी व 20 ग्राम सोने के जेवर आदि चोरी हुए हैं। अधिक जानकारी दुकान का सभी सामान देखने के बाद देंगे। मौके पर फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए, फिंगर प्रिंट भी लिए, खोजी श्वान ने भी घटनास्थल पर सुरागकशी की। यह घटना चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई जिससे स्थानीय लाेगों में चोरों का भय व्याप्त है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करेगी, आसपास लगे सीसीटीवी देखे जा रहे हैं।