मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता के चलते जिला मलेरिया मुक्त होने की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चार साल से जिले में एक भी मलेरिया का मरीज नहीं मिला है। केंद्रीय स्वास्थ्य समिति की रिपोर्ट में भी इसका जिक्र किया गया है। अगले महीने फिर केंद्रीय स्वास्थ्य समिति की टीम मैनपुरी पहुंचेगी, स्थिति सही पाई गई तो जिले को मलेरिया मुक्त जनपद घोषित कर दिया जाएगा।
आज विश्व मलेरिया दिवस है। जिले में स्वास्थ्य विभाग के रोकथाम के इंतजाम कारगर सिद्ध हो रहे हैं। विभागीय रिकाॅर्ड के अनुसार वर्ष 2021 में अंतिम बार जिले में तीन मलेरिया पॉजिटिव मरीज मिले थे। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अभी भी कुछ इलाकों को संवेदनशील घोषित कर वहां निगरानी करा रहा है, ताकि मलेरिया विहीन जनपद की ओर बढ़ रहे स्वास्थ्य विभाग के कदम डगमगा न जाएं।
जिला मलेरिया अधिकारी हिलाल अहमद ने बताया कि मलेरिया मुक्त जनपद के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य समिति की टीम जनवरी में जनपद पहुंची थी। टीम ने कुरावली क्षेत्र में निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट प्रदेश और केंद्र सरकार को भेजी। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अक्तूबर तक दोबारा टीम आएगी यदि उसकी रिपोर्ट में जिले में स्थिति सही पाई गई तो जिला मलेरिया विहीन की सूची में पहुंच जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र - संवेदनशील इलाके
कुचेला- सिकंदरपुर, परौंख
घिरोर- डालगंज, अकबरपुर, औंछा
कुरावली- फिरोजपुर, ज्योति खुडिया, कुरावली
सुल्तानगज- भोगांव, ऊदमपुर, ललूपुर
मानपुरहरी- नवीगंज, बेवर, नगला खरा, मानपुर
किशनी- भवानीगढ़, शमशेरगज.
जागीर- सगामई, शिवसिंगपुर, जागीर, बघिरुआ
करहल-डांडा, करहल, हरवाई, सढ
बरनाहल- पैरारशाहपुर, नगला दिलीप
-
शहर के संवेदनशील 8 इलाकों में नगरपालिका ने संभाली कमान
मोहल्ला शृंगार नगर, पंजाबी काॅलोनी, राजा का बाग, शक्तिनगर, आवास विकास, पाल नगर, राधारामन रोड, ज्योंति तिराहा आदि।
पिछले 9 साल से जिले में मलेरिया के मरीजों की स्थिति एक नजर में -
वर्ष - कुल जांच- मलेरिया पॉजिटिव
2017- 58050- 137
2018- 60658- 133
2019= 62389- 133
2020- 19664- 154
2021- 52153- 03
2022- 69762- 00
2023- 102396- 00
2024- 93923- 00
2025- 95240- 00
मलेरिया की रोकथाम के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जितने भी संवेदनशील इलाके हैं वहां विशेष निगरानी कराई जा रही है। दवा आदि का छिड़काव भी कराया जा रहा है। पिछले चार साल से जिले में एक भी मलेरिया का मरीज नहीं मिला है। उम्मीद है कि जल्द ही सरकार की ओर से मैनपुरी को मलेरिया मुक्त जनपद घोषित किया जाएगा।
- डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ