फोटो 28 बेवर में गैस एजेंसी पर जमा भीड़। संवाद
मैनपुरी। जिले में कई दिनों से एलपीजी गैस की किल्लत बनी हुई है। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। घरों में चूल्हे ठंडे पड़े हैं। शनिवार को भी जिलेभर में गैस की कमी से लोग जूझते रहे। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। शहर के कचहरी सड़क स्थित एचपी गैस एजेंसी और स्टेशन सड़क स्थित बीपी गैस एजेंसी के बाहर भी ऐसा ही नजारा था। उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले बुकिंग नंबर लगाने में दिक्कत आती है। बुकिंग सर्वर डाउन होने की बात कहकर पर्ची नहीं दी जाती। पर्ची मिलने के बाद भी गोदाम पर सिलिंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, और कई बार उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है। प्रशासन लगातार जिले में पर्याप्त एलपीजी गैस होने का दावा कर रहा है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। गृहणियों ने खाना पकाने के लिए इंडक्शन जैसे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
उपभोक्ताओं को पहले बुकिंग के लिए कठिनाई हो रही है। बुकिंग होने के बाद भी उन्हें एजेंसी के बाहर घंटों लाइन में लगकर पर्ची लेने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। पर्ची मिलने के बाद गोदाम पर सिलिंडर न होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को लौटाया जा रहा है। इस स्थिति से लोगों में भारी आक्रोश है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
तीन से चार दिन में होगी गैस की डिलीवरी
एलपीजी गैस की मांग अधिक होने के कारण डिलीवरी में समय अधिक लग रहा है। कई एजेंसियों पर हॉकर न होने के कारण भी उपभोक्ताओं तक सिलिंडर पहुंचने में समय लग रहा है। पहले बुकिंग कराने के दो दिन बाद सिलिंडर पहुंचता था, लेकिन अब तीन से चार दिन लग सकते हैं। यदि इसके बाद भी घर पर सिलिंडर नहीं पहुंचता है तो उपभोक्ताओं पर्ची के साथ गोदाम पर जाकर सिलिंडर ले सकते हैं। पूर्ति निरीक्षक कृष्णा कुमारी ने बताया कि गोदाम पर भी सिलिंडर न मिलने की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर पर अवगत कराएं।