फोटो 6 किशोरी को घायल कर लूट करने वाला आरोपी। संवाद
मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर में 28 दिसंबर की रात को हुई घटना का पुलिस ने खुलासा किया है, लूट की घटना पीड़ित के भतीजे ने ही अंजाम दी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, वहां से जेल भेजा गया।
किशनी क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी कमलेश प्रजापति की पत्नी राखी 28 दिसंबर की रात को घर से बाहर गई थी। 10 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी, तभी बच्ची की आंखों में मिर्ची स्प्रे डाल कर लाखों के जेवर नकदी लूट की वारदात अंजाम दी गई थी। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की और प्राथमिकी दर्ज कर खुलासे के प्रयास शुरू कर दिए थे। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने जांच की तो पता चला कि वारदात किसी बदमाश ने नहीं बल्कि पीड़ित के भतीजे ने अंजाम दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाएं और बच्ची से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। बृहस्पतिवार को सौरभ निवासी पृथ्वीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि बच्ची को चोट पहुंचा कर घर से सोने की चेन, चार अंगूठी, करधनी, पायल आदि लूट की वारदात उसी ने अंजाम दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया जेवर आदि बरामद किए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।