मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोपालपुर में पांच दिन पहले टीम के साथ चेकिंग करने गए जेई पर जानलेवा हमला किया गया, हमलावर ने गला दबाया, टीम के साथ अभद्रता की गई। जेई की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
नगला जुला स्थित बिजली उपकेंद्र पर तैनात जेई राम अवध ने सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि छह मई को वह टीम के साथ गांव गोपालपुर में चेकिंग के लिए गए थे। टीम ने गांव में चेकिंग के साथ ही उपभोक्ताओं को जागरूक किया। दोपहर के समय जब वह व टीम में शामिल कर्मी शेखर शर्मा, टीजीटू आशीष कुमार, संविदा कर्मी कर्मवीर सिंह गांव निवासी मधुरेश की दुकान पर पहुंचे, तभी गोपाल मिश्रा अपने पिता विनोद मिश्रा, निखिल के साथ आया और गालियां देने लगा। वजह पूछने पर टीम पर हमलावर हो गए। जेई को जमीन पर गिराने के बाद गला दबाया। टीम के साथ अभद्रता की गई। ग्रामीणों ने आकर टीम को बचाया। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही हमलावर गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।