फोटो 30 खेत में फंसे ट्रैक्टर में लगी आग। संवाद
कुरावली। क्षेत्र के ग्राम सोनई में शुक्रवार को दोपहर तीन बजे हाईटेंशन बिजली लाइन में अचानक फॉल्ट से निकली चिंगारी से 12 बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। ग्रामीण कुछ समझ पाते इससे पहले ही गेहूं की फसल जल गई।
गांव के यशप्रताप, राहुल, मंजू देवी, अनन्या एवं राधिका के खेतों में फसल पककर तैयार खड़ी थी। कुछ ही दिनों में कटाई होने वाली थी। ऐसे में इस हादसे ने किसान परिवारों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लेखपाल विपिन यादव ने क्षति का आंकलन कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर भेज दी है। पीड़ित किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बिजली की चिंगारी से गेहूं की फसल जली
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नवादा में उस समय हड़कंप मच गया। जब बिजली की चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। गांव निवासी अनूप यादव अपना ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचे। आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। लेकिन अचानक ट्रैक्टर खेत में फंस गया। ट्रैक्टर ने भी आग पकड़ ली और देखते ही देखते वह भी जलने लगा। ग्रामीणों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से ट्रैक्टर में लगी आग को बुझाया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग बुझा दी। पीड़ित किसानों ने नुकसान का आंकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।