फोटो 5 अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर शहीद कर्मियों को सलामी देते एसपी। स्रोत विभाग
मैनपुरी। मुख्यालय स्थित अग्निशमन कार्यालय पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर शहीदों को याद कर श्रद्धांजलि दी। शोक परेड का आयोजन किया गया। मुंबई बंदरगाह पर 14 अप्रैल 1944 को मालवाहक जहाज में लगी आग में 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उसी दिन से शहीदों की याद में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया जाता है।
एसपी ने कहा कि फर्ज के लिए जान देने वाले शहीद कर्मियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी याद में प्रतिवर्ष अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया जाता है। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। अग्निकांडों में संपत्ति और जनजीवन की क्षति को न्यूनतम करने के उपायों से जनसाधारण को अवगत कराया जाता है। एसपी ने कहा अपनी जान जोखिम में डाल कर जो लोग जनता की सुरक्षा करते हैं, वहीं इस वर्दी के असली हकदार होते हैं। एसपी ने कार्यालय से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कार्यालय पर आकर समाप्त हुई, रैली में शामिल दमकलकर्मियों ने लोगों को आग से सुरक्षा के उपाय आदि के बारे में जानकारी दी।