मैनपुरी। मौसम में बार-बार हो रहे परिवर्तन से जिले में मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगी हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्र निवासी एक वर्षीय मासूम सहित दो मरीजों ने पिछले 24 घंटे में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में 18 अन्य मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में बार-बार परिवर्तन हो रहा है। इसका नतीजा यह है कि बच्चे और बुजुर्ग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। पेट में संक्रमण के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। बेवर क्षेत्र के गांव अछईपुर निवासी शारम अली के एक साल के पुत्र अजान बाबू को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ बुखार था। परिजन उसका शहर के कचहरी रोड स्थित एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार की रात अचानक उसकी हालत बिगड़ी। परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी जगदीश (85) को पिछले कुछ दिनों से पेट में संक्रमण की दिक्कत थी। परिजन शनिवार की सुबह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां आराम मिलने पर परिजन उन्हें घर ले गए। तीन घंटे बाद अचानक फिर से उनकी हालत बिगड़ी तो परिजन फिर से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. राज सिंह ने बताया कि बच्चे सहित दो मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। संवाद