मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र में लगने वाले पशु पैठ में दो भैंस बेचने आए कासगंज के रहने वाले पशुपालक से 1.73 लाख रुपये की ठगी की गई। ठग ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखा कर घटना को अंजाम दिया। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कासगंज के थाना पटियाली क्षेत्र के गांव झाऊझोर निवासी पशु पालक जसवीर सिंह बीते मंगलवार को भोगांव क्षेत्र में रुई पशु मेला में अपनी दो भैंस बेचने के लिए आए थे। एक ठग उनसे ग्राहक बन कर मिला और दोनों भैंस की कीमत 1.73 लाख रुपये लगाई। कुछ देर बातचीत के बाद जसवीर उसे भैंस बेचने के लिए तैयार हो गए। जब रुपये देने की बारी आई तो ठग ने कहा कि वह उनके खाते में रुपये भेज रहा है। कुछ देर बाद 1.73 लाख रुपये ट्रांजेक्शन का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाया और दोनों भैंस लेकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब खाते में रुपये आने का मैसेज नहीं आया तो किसान ने बैंक आकर जानकारी की तो ठगी का पता चला। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ठग की तलाश शुरू कर दी है।