मैनपुरी। गांव धारऊ में पूर्व सैनिक ने जब पड़ोसी को गंदगी फेंकने से रोका तो गुस्से में उन पर कुत्ते छोड़ दिए। गाली-गलौज करते हुए सिर में डंडा मारकर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ निवासी पूर्व सैनिक दिनेश सिंह ने बताया कि उनका एक प्लॉट गांव के रहने वाले रामजीत व लक्ष्मण सिंह के पास है। इसके पास दो पालतू कुत्ते हैं, कुत्तों की गंदगी को दोनों लोग उनके प्लॉट में फेंक देते हैं। गंदगी और दुर्गंध की वजह से उन्हें परेशानी होती है, विरोध करने पर कुत्तों से कटवाने व जान से मारने की धमकी देते हैं। 19 दिसंबर की सुबह भी वह लोग गंदगी फेंक रहे थे, जब इन लोगों से मना किया तो उन पर कुत्ते छोड़ दिए, वह भाग कर घर आ गए। इसके बाद रामजीत और लक्ष्मण उनके लड़के सागर व अन्य ने आकर गाली-गलौज की। सागर ने उनके सिर में डंडा मारकर घायल कर दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।