फोटो25 हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद थाना प्रभारी। संवाद
कुरावली। जीटी रोड पर गांव अशोकपुर के पास रविवार सुबह एक वृद्ध की कंटेनर की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया, गिरफ्तार चालक ने बताया की मोड़ पर ब्रेक न लग पाने के वजह से दुर्घटना हुई है। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम छाया है।
थाना क्षेत्र के गांव अशोकपुर निवासी 65 वर्षीय दाताराम रविवार सुबह जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़े थे, तभी गांव के मोड़ पर अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया, मौके पर एकत्रित हुई भीड़ को हटवाते हुए मार्ग का आवागमन सुचारू कराया। चालक ने पूछताछ में बताया कि मोड़ पर ब्रेक न लग पाने की वजह से हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मोड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। गांव के अधिकतर लोगों की दुकानें व मकान सड़क के दूसरी ओर हैं। सड़क पार करने के दौरान मोड़ पर हादसे होते हैं। कई बार वह लोग ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग कर चुके हैं, मगर उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कुरावली पुलिस ने दाताराम के शव का पोस्टमार्टम कराया है।