फोटो 22 शहर के करहल रोड पर केबल ठीक करते कर्मचारी। स्रोत विभाग
मैनपुरी। भीषण गर्मी के बीच जिले में अघोषित बिजली कटौती से लोग त्रस्त हैं। लोगों को खुले आसमान के नीचे रातें बितानी पड़ रही है। इसके विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बुधवार को जागीर उपकेंद्र पर करीब दस घंटे तक धरना प्रदर्शन किया।
शहर के करहल सड़क उपकेंद्र क्षेत्र में मंगलवार रात 11 बजे से बुधवार शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। यह बाधा करीब 18 घंटे तक जारी रही और अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट के कारण आई।
ग्रामीण अंचल में भी लगातार हो रही अघोषित कटौती से किसानों में भारी आक्रोश है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता राजा ठाकुर के नेतृत्व में किसान बुधवार सुबह दस बजे जागीर फीडर पर धरने पर बैठ गए।
किसान नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को 24 घंटे बिजली देने की बात कहते हैं। लेकिन जिले में किसानों को दस घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। क्षेत्र में दो दिन से नलकूप की लाइन बाधित होने से किसानों की मक्का की फसल सूख रही है। किसान नेता शाम 5:30 बजे तक धरने पर डटे रहे।
मौके पर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार और उपखंड अधिकारी इंद्र शर्मा पहुंचे। अधिकारियों ने समय पर बिजली आपूर्ति देने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान नेताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर प्रदेश सचिव तिलक सिंह राजपूत, तहसील अध्यक्ष भोगांव साबिर अली, विजेंद्र यादव और हरिसिंह राजपूत, बलराम, राजेश कुमार और ओमवीर सिंह शामिल रहे।