फोटो 2 पुलिस लाइन में खड़े पकड़े गए ऑटो-ई-रिक्शा। स्रोत पुलिस
मैनपुरी। नो-एंट्री में घुस कर जाम की वजह बनने वाले वाहनों के खिलाफ बुधवार को यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 40 ऑटो, ई-रिक्शा को पकड़ने के बाद पुलिस लाइन में खड़ा कराया, सभी का चालान कर जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में प्रतिदिन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, बावजूद इसके कुछ सवारियां ढोने वाले वाहन नो-एंट्री में प्रवेश कर अतिक्रमण व जाम की समस्या खड़ी कर देते हैं। बुधवार को सीओ ट्रेफिक दीपशिखा सिंह ने यातायात प्रभारी सुनील कुमार के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। ईशन नदी पुल व शहर के अंदर नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले 40 ऑटो और ई-रिक्शा को पकड़ने के बाद पुलिस लाइन में खड़ा कराया। सख्ती के साथ चलाए गए अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में अफरा तफरी देखी गई। शाम तक चले अभियान में बिना हेलमेट तीन सवारी 50 वाहनोें के चालान किए गए। कुल 105 वाहनों का चालान कर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।