फोटो 17 महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मोबाइल की रोशनी में घायल को टांके लगाता स्वास्थ्य कर्
मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मंगलवार की रात प्रकाश व्यवस्था फेल नजर आई। यहां पहुंचे एक घायल मरीज को मोबाइल की रोशनी में स्वास्थ्य कर्मियों को टांके लगाने पड़े। बारिश के बीच बिजली जाने के कारण करीब दो घंटे तक अस्पताल में अंधेरा छाया रहा। इससे यहां भर्ती मरीजों में आक्रोश दिखाई दिया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार की शाम बारिश के बीच ब्लैक आउट हो गया। इसके चलते अस्पताल की इमरजेंसी में अंधेरा छा गया। यहां लगा इन्वर्टर काम नहीं कर रहा था और अस्पताल के कर्मचारी ने जनरेटर नहीं चलाया। इसी बीच करीब छह बजे शहर के मोहल्ला अवधनगर निवासी राजीव कुमार दुर्घटना में घायल होकर पहुंचे। राजीव के सिर में चोट थी खून बह रहा था। यहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर राजीव के टांके लगाने पड़े। इमरजेंसी में मौजूद तीमारदार विकास ने बताया कि दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण अस्पताल में अंधेरा रहा। जानकारी होते ही सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार रात में ही अस्पताल पहुंचे। रात में ही जनरेटर को ठीक कराकर व्यवस्था सुचारू की गई।