मैनपुरी। महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को पेट्रोलियम कंपनियों ने एक और झटका दिया है। नौ दिनों के भीतर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की गई है, जिससे लोगों का सफर और महंगा हो गया है। इस बार पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सीएनजी गैस भी एक रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। बढ़ी हुई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा लगातार की जा रही मूल्य वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है। नौ दिनों में तीसरी बार दाम बढ़ने से आम आदमी के दैनिक खर्चों में इजाफा होना तय है। पेट्रोल पंप संचालक घनश्याम दास गुप्ता के अनुसार, नई दरों के लागू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 92 रुपये प्रति लीटर हो गई है। प्रीमियम पेट्रोल के दाम भी बढ़कर 108.89 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई इस वृद्धि का सीधा असर आम आदमी के सफर पर पड़ेगा। सार्वजनिक परिवहन और निजी वाहनों का खर्च बढ़ जाएगा। इससे भी बड़ी चिंता यह है कि माल भाड़ा बढ़ने की आशंका है।
कारोबारियों का कहना है कि माल भाड़ा बढ़ने से रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे, जिससे महंगाई का एक और दौर शुरू हो सकता है। किराना व्यापारियों के अनुसार, बढ़ी हुई कीमतों के कारण दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।