मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा की। जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से कहा जिन विद्यालयों की लापरवाही से दशमोत्तर, अनुसूचित जाति पूर्व दशम छात्रवृत्ति में आवेदन पत्र समय से अग्रसारित न करने के कारण रैंक में गिरावट आई है। उनको चिह्नित कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें।उन्होंने बी-श्रेणी वाले संबंधित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की प्रगति सुधार कर रैंक में सुधार लाने को कहा। फैमिली आईडी में और तेजी से कार्य करने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि कुछ परियोजनाओं में विलंब के कारण डैशबोर्ड पर प्रगति खराब हुई है। यूपीपीसीएल, आवास विकास परिषद की दो-दो, यूपी आरएनएसएस की चार, यूपी सिडको, सीएनडीएस की एक-एक परियोजना कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि से विलंब से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान संस्था का कोई न कोई अवर, सहायक अभियंता मौके पर उपस्थित रहकर अपनी देखरेख में कार्य कराएं। यदि कार्यों में मानकों की अनदेखी की गई तो कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं पर धनाभाव के कारण कार्य में अवरोध उत्पन्न हुआ है। ऐसी परियोजनाओं पर निर्माण कार्य पूर्ण करने की तिथि में वृद्धि कराई जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ़ आरसी गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, डिप्टी कलक्टर ध्रुव शुक्ला, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ़ धर्मेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता मौजूद रहे।