मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में एक डेढ़ साल के मासूम की मौत पहेली बन गई है। एक ओर पुलिस गिरने की वजह से चोट लगने व इलाज के दौरान मौत की बात कह रही है, दूसरी ओर बच्चे के नाना हत्या की आशंका जता रहे हैं। बताया कि पति की मौत के दो माह बाद बेटी की दूसरी शादी कर दी थी। मौत की सही वजह जानने के लिए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
औरेया के थाना अछल्दा क्षेत्र के गांव भैसोल निवासी सुनील कुमार ने बताया कि तीन साल पहले पुत्री रानी की शादी जनपद इटावा के चौबिया निवासी बिजेंद्र के साथ की थी।
दामाद की मौत हो गई, दो माह बाद उन्होंने पुत्री की विदा थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी दिव्यांग सुनील कुमार के साथ कर दी। बेटी की गोद में उस समय एक माह का बच्चा था, 24 फरवरी को गगन संदिग्ध परिस्थिति में सिर में चोट लगने की वजह से घायल हो गया था।
बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज सैफई में बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नाना सुनील ने आरोप लगाया कि दूसरे दामाद सुनील ने बच्चे के साथ कुछ अनहोनी की है, हत्या की आशंका व्यक्त की।
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी का कहना है कि बच्चे की मां मानसिक रूप से बीमार है, पहले पति की मौत के बाद पिता ने दिव्यांग सुनील के साथ विदा कर दी थी। 24 फरवरी को बच्चा गिरने की वजह से घायल हो गया था। उसके सिर में चोट लगी थी।
जिसकी रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज से प्राप्त हो गई है। बच्चे को गंभीर संक्रमण भी था। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।