फोटो 35 शहर के डीएवी इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटर की कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा हुई। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी का प्रश्नपत्र हुआ। हाईस्कूल सामाजिक के प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान करहल क्षेत्र के एक केंद्र से एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया। संबंधित परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका को सील कर विभागीय कार्रवाई की गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की परीक्षाओं में शुक्रवार को सुबह की की पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटरमीडिएट की कृषि शस्य विज्ञान भाग एक और भाग दो की परीक्षा कराई गई। सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 29662 परीक्षार्थियों में से 27345 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। परीक्षा में 2317 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर कृषि शस्य भाग एक की परीक्षा में पंजीकृत 73 में से 72 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि भाग दो में पंजीकृत 72 परीक्षार्थियों में से 71 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान जैन इंटर कॉलेज करहल पर आंतरिक सचलदल ने जांच के दौरान एक बालक को पर्ची से नकल करते दबोच लिया। केंद्र व्यवस्थापक युदवीर नरायण दुबे के निर्देशन पर संबंधित छात्र की उत्तर पुस्तिका को सील कर बोर्ड को भेजा गया है। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई।